बरात में फूड प्वाइजनिंग से दो सौ बीमार
देवासजिला प्रतिनिधि

देवास जिले के भौंरासा गांव में एक शादी के दौरान उस समय हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई जब नाश्ते और भोजन के बाद लगभग 200 लोग बीमार हो गए। उन्हें तत्काल देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है। बताया गया है कि भोरासा गांव में एक शादी समारोह में नाश्ते और खाने के बाद यह स्थिति निर्मित हुई और देखते देखते लोगों को घबराहट होना, चक्कर आना और उल्टी जैसी स्थिति निर्मित हो गई। कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक मनोज चौधरी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज राजानी मरीजों को देखने अस्पताल पहुंच गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देवास जिले के भौंरासा गांव में भारत सिंह ठाकुर  के यहां बारात आई थी। बारात का स्वागत किया जा रहा था। उसमें बारातियों के अलावा गांव के लोग भी शामिल थे। बारात के स्वागत में नाश्ता दिया गया उसके बाद भोजन दिया गया। ज्योंहि भी लोगों ने भोजन करना शुरू किया तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। बताया जाता है कि मरीजों में छोटे बच्चे और महिलाएं अधिक हैं। इतनी संख्या में तबीयत खराब होते देख आयोजकों के होश उड़ गए और तत्काल गाड़ियों से देवास जिला अस्पताल मरीजों को भेजा जाने लगा। अस्पताल में भी भारी भीड़ से अव्यवस्था निर्मित हो गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की घटना होना बताया है। अधिक भीड़ के कारण अन्य डॉक्टरों को भी बुलाया गया जिससे स्थिति को नियंत्रित किया गया। एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर श्री कांत पांडे, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी सहित एसडीएम देवास तुरंत घटनास्थल पर जानकारी लेने के लिए पहुंचे। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी स्थानीय विधायक मनोज चौधरी तथा काग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज राजानी भी घटनास्थल पर मरीजों का हाल जानने के लिए पहुंच गए थे। अभी तक मरीजों का सही आंकड़ा तो नहीं मिल सका है लेकिन संख्या 200 से अधिक बताई जा रही है अब जिला प्रशासन कारणों की तलाश में भी जुट गया है।