भोपाल। विशेष प्रतिनिधि
भोपाल जिले में मंडलों के चुनाव परिणाम सामने नहीं आए तो कार्यकर्ताओं का धीरज जवाब दे गया। एक ऐसी सूची भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के पास भेज दी गई जिसमें उत्तर भोपाल को छोड़कर सभी विधानसभा सीटों के मंडल अध्यक्षों की घोषणा की हुई है। अब भाजपा का नेतृत्व इस सूची को फर्जी बताकर कह रहा है कि आज रात या कल दिन में भोपाल के भाजपा मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर दी जाएगी।
एक सप्ताह पहले भाजपा के मंडल अध्यक्षों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई थी। नामों की घोषणा संगठन मंत्री की टिक पर टिकी हुई थी। नेताओं के आपसी विवाद के कारण नामों की घोषणा की रस्साकशी जारी है। संगठन मंत्री के समूचे प्रयास एक नाम पर समन्वय बनाने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में देर पर देर होती जा रही है। इसके कारण भोपाल जिले के नेताओं का सब्र का बांध टूट गया। परिणाम यह सामने आया कि एक ऐसी सूची जिसमें मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा की हुई है सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। उत्तर भोपाल को छोड़कर अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लगभग मंडलों की सूची घोषित कर दी गई। इसमें भी समझदारी पूर्वक कुछ मंडलों के नाम को रिक्त घोषित किया हुआ है। सूची वायरल होने के बाद बधाई हो का तांता लग गया। भाजपा प्रदेश नेतृत्व की आंखें जब तक खुली तब तक काफी कुछ हो चुकी थी। संगठन इस सूची को फर्जी बता रहा है और दावा कर रहा है कि सूची आज रात या कल सुबह तक जारी हो जाएगी। भोपाल जिले के सहायक चुनाव अधिकारी सुनील पांडे से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने इस सूची को फर्जी बताया और जल्द ही वास्तविक सूची जारी करने का दावा किया।