गंभीर आरोप लगा मध्य विधायक को निकालने की मांग
भोपाल। [विशेष प्रतिनिधि] प्रदेश भाजपा के कार्यालय को घेरने और सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर उन्हें निकालने की मांग करने वाले विधायक आरिफ मसूद वापस घर भी नहीं पहुंच पाये थे उनके खिलाफ आन्दोलन की घोषणा हो गई। उनके चुनावी प्रतिद्वंद्वी और मध्य के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने ऐलान किया है कि आरिफ मसूद को कांग्रेस पार्टी निकाले। उन्होंने 15 दिसम्बर को चारों तरफ से कांग्रेस कार्यालय घेरने की घोषणा की है। पुलिस प्रशासन अब व्यवस्था को लेकर परेशान हाल है।
सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने एक पोस्टर जारी किया है। जिसमें बिना नाम लिखे आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाये हैं। धर्म विरोधी, राम विरोधी और राष्ट्र विरोध तक कहते हुये लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने वाले संविधान विरोधी, पर्सनल ला बोर्ड के सदस्य, जो राममंदिर का विरोध करता है, वंदे मातरम न बोलने वाले सिमी आतंकवादियों के समर्थक। अपने पोस्टर में इस प्रकार के गंभीर आरोप लगाकर कांग्रेस कार्यालय को घेरने और विधायक को पार्टी से निकालने कर मांग की जायेगी। चौतरफा घेराव की बात करते हुये पोस्टर को सोशल मीडिया पर डाल दिया गया है। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
15 दिसम्बर को होने वाले इस घेराव में भाजपा की कितनी भूमिका रहेगी यह अलग बात है लेकिन सुरेन्द्रनाथ के साथ बड़ी टीम है। इससे पहले भी सुरेन्द्रनाथ कई बड़े आयोजन कर चुके हैं। इसलिए प्रशासन उनके आव्हान को हल्के में नहीं ले पायेगा। हालांकि आयोजन में समय है इसलिए अभी तैयारियां दोनों पक्षों की ओर से होना शेष हैं।